अमरोहा। गजरौला थाना क्षेत्र के एक गांव में दो युवकों को पेड़ से बांधकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को मुक्त कराया और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस के अनुसार भुड्डेवाली गांव निवासी दीपक और उसका जीजा डालू, जो नया बांस गांव का रहने वाला है, मंगलवार रात किसी काम से गंगा खादर क्षेत्र के शीशोवाली गांव गए थे। इसी दौरान उनका कुछ लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गांव के कुछ लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और उनके हाथ-पैर बांधकर यूकेलिप्टस के पेड़ से बांध दिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई।बुधवार सुबह घटना की जानकारी पुलिस को मिली तो गजरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को मुक्त कराकर अस्पताल पहुंचाया। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।वहीं, गांव के कुछ लोगों का कहना है कि दोनों युवक रात के समय खेतों में लगी झटका मशीन चोरी करने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के दावों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में महिपाल, चरण सिंह और नंदराम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है।