मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप ने बुधवार को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में आयोजित जनसुनवाई में महिलाओं की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, पुलिस, श्रम विभाग तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित 24 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।सपना कश्यप ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनने के साथ ही पूर्व में प्राप्त मामलों की समीक्षा भी की और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराना आयोग की प्राथमिकता है।जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। वहीं आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर भी महिलाओं को जागरूक किया गया और कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की गई।इसके बाद महिला आयोग सदस्य ने जिला कारागार पहुंचकर महिला बैरक का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। जेल प्रशासन से महिला बंदियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. आभार आत्रेय, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक ऋषिका सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group