मुज़फ्फरनगर, 19 जून 26। केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना विभाग द्वारा जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र (सोल्जर बोर्ड) के मानेकशॉ सभागार में आयोजित विकास चित्र प्रदर्शनी के तृतीय दिवस पर जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों का अवलोकन किया।प्रदर्शनी का अवलोकन राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सपना कश्यप, पूर्व विधायक पुरकाजी श्री प्रमोद ऊंटवाल, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा जनपद के वरिष्ठ नागरिकों ने किया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।अपने संबोधन में श्रीमती सपना कश्यप ने कहा कि विकास चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।पूर्व विधायक प्रमोद ऊंटवाल ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश और प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्य घर तथा पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाओं ने आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। वहीं प्रदेश सरकार की कन्या सुमंगला, सामूहिक विवाह, अभ्युदय योजना, कृषक दुर्घटना सहायता और पेंशन योजनाओं सहित कई लाभकारी योजनाओं ने समाज के विभिन्न वर्गों को मजबूती प्रदान की है।उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करने की अपील की। इस दौरान अतिथियों ने प्रदर्शनी में बनाए गए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाए।कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा पंजीकृत कलाकारों ने सांस्कृतिक लोकगीतों और कृषि विकास गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। लोकगीतों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया।कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। साथ ही छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, अपर जिला सूचना अधिकारी नरसिंह, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल संजीव चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विशाल गर्ग एवं बाल कल्याण समिति सदस्य राजीव कुमार ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group