कैराना/शामली, 19 जून 26। कैराना क्षेत्र में वलीमे की दावत में कथित रूप से गोमांस परोसे जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दूल्हे समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित पशु का मांस, कटान में प्रयुक्त उपकरण तथा एक स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किया है। वहीं कार्यक्रम स्थल मुगल गार्डन फार्म हाउस को सील कर दिया गया है।पुलिस के अनुसार थाना कैराना क्षेत्र के ग्राम खुरगान के जंगल में प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शामली के निर्देश पर विशेष अभियान चलाकर आरोपियों की तलाश की गई।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हाल ही में हुई एक शादी के वलीमे कार्यक्रम के लिए अवैध रूप से गोवंश का कटान किया गया था। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी फरमान ने बताया कि उसकी शादी 16 जून को हुई थी, जबकि 18 जून की शाम कैराना कस्बे के मुगल गार्डन में वलीमे का आयोजन रखा गया था।आरोप है कि फरमान ने अपने साथियों के साथ मिलकर घूमते हुए एक गोवंश को पकड़ा और ग्राम खुरगान के जंगल में उसका कटान किया। इसके बाद मांस को गाड़ी में रखकर वलीमे स्थल तक लाया गया और कथित रूप से मेहमानों को परोस दिया गया। पशु के अवशेष जंगल में ही छोड़ दिए गए थे।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरमान पुत्र फुरकान तथा सलमान पुत्र दिलशाद निवासी कैराना को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लगभग 10 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ, जिसे जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाया गया था। कटान में प्रयुक्त उपकरण और स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया गया।पुलिस का कहना है कि मामले में मुगल गार्डन फार्म हाउस संचालक अनीस सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। सभी की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group