मुजफ्फरनगर। तहसील बुढ़ाना में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में मंडलायुक्त सहारनपुर परिक्षेत्र डॉ. रूपेश कुमार, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का जल्द एवं निष्पक्ष समाधान करने के निर्देश दिए।शनिवार को शासन के निर्देश पर आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर तहसील बुढ़ाना पहुंचे। कार्यक्रम में मंडलायुक्त के पहुंचने पर पुलिस की टुकड़ी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और एसएसपी ने संयुक्त रूप से शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं।समाधान दिवस में जमीन विवाद, राजस्व संबंधी मामले, पुलिस शिकायतें, पारिवारिक विवाद, सरकारी योजनाओं के लाभ, अतिक्रमण और अन्य विभागों से जुड़ी कई शिकायतें अधिकारियों के सामने रखी गईं। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए।मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि हर शिकायत की निष्पक्ष जांच हो और निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, इसलिए शिकायतों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि महिला अपराध, जमीन विवाद और संवेदनशील मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने मौजूद लोगों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के प्रति भी जागरूक किया। लोगों को बताया गया कि अनजान फोन कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान विशेष सावधानी बरतें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सम्पूर्ण समाधान दिवस में आए लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं और त्वरित समाधान की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group