मुजफ्फरनगर। खालापार थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से तीन पिस्टल, सात तमंचे, 10 जिंदा कारतूस, एक बाइक और 10 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह मुजफ्फरनगर के साथ-साथ शामली, सहारनपुर और गाजियाबाद समेत कई जिलों में हथियार सप्लाई करता था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि 19-20 जून की रात खालापार थाना प्रभारी बबलू सिंह पुलिस टीम के साथ मीनाक्षी चौक पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तहसील के पीछे खंडहर में कुछ लोग अवैध हथियारों का सौदा करने के लिए जमा हुए हैं।सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर दबिश दी और मौके से 10 लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मुकुल, दीपांशु, ओमवीर त्यागी निवासी छपार, अजय निवासी देवबंद, सोनू राणा निवासी भोपा, समीर निवासी कोतवाली नगर, निखिल, वंश मलिक, करण कश्यप और ललित सैनी निवासी नई मंडी शामिल हैं।पूछताछ में पता चला कि आरोपी सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के जरिए ग्राहकों से संपर्क करते थे। पहले हथियारों की फोटो भेजी जाती थी, फिर कीमत तय होने के बाद सौदा पूरा किया जाता था। बरामद मोबाइल फोन अब जांच के लिए साइबर सेल को भेजे गए हैं ताकि इनके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी मिल सके।पुलिस जांच में दो मुख्य सप्लायरों के नाम भी सामने आए हैं। एसएसपी के अनुसार आरोपी उमर निवासी कच्ची सड़क और तस्लीम निवासी दत्तयाना से हथियार खरीदते थे। दोनों आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए अधिकतर आरोपी 19 से 23 साल के बीच के हैं। इतनी कम उम्र में युवाओं का अपराध की ओर बढ़ना चिंता का विषय है। पुलिस अब इनके परिवार वालों से भी बात करेगी और युवाओं की काउंसलिंग कराएगी। बेहतर काम करने वाली पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का नकद इनाम भी दिया गया है।