मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत युवाओं पर किस कदर हावी हो रही है, इसका एक ताजा मामला खतौली कस्बे से सामने आया है। यहां सड़क के बीच रील बनाकर अशोभनीय डांस करना एक युवक को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।बताया गया है कि खतौली क्षेत्र की एक व्यस्त सड़क पर एक युवक मोबाइल कैमरे के सामने भद्दे अंदाज में डांस कर रहा था। युवक की हरकतों के कारण सड़क से गुजर रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा असहज स्थिति तब बनी जब वहां से गुजर रही दो छात्राओं को युवक की हरकतों के कारण कुछ देर रुकना पड़ा। छात्राएं आगे बढ़ना चाहती थीं, लेकिन युवक सड़क के बीच लगातार डांस करता रहा, जिसके चलते उन्हें इंतजार करना पड़ा।घटना का वीडियो किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने नाराजगी जताई और सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की हरकतों पर रोक लगाने की मांग की।मामले का संज्ञान लेते हुए खतौली पुलिस ने जांच शुरू की और वीडियो के आधार पर युवक की पहचान कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रोबिन पुत्र संजय, निवासी गांव मखेड़ी, थाना खतौली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका के तहत कानूनी कार्रवाई की।पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि सड़क, बाजार या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय हरकतें, यातायात बाधित करना या लोगों को असुविधा पहुंचाना किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।