मुजफ्फरनगर, 19 जून 26। उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने डिजिटल संचार को और अधिक प्रभावी और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विभाग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘सूचना प्रवाह’ का शुभारंभ किया। लोक भवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में चैनल का शुभारंभ सूचना निदेशक विशाल सिंह एवं अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र द्वारा किया गया।इस अवसर पर निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय सहित सूचना विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विभाग का यह आधिकारिक डिजिटल मंच प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण निर्णयों और उपलब्धियों की प्रमाणिक तथा त्वरित जानकारी आमजन तक पहुँचाने का कार्य करेगा।‘सूचना प्रवाह’ के माध्यम से जनहितकारी कार्यक्रमों, सरकारी अभियानों, विशेष रिपोर्ट, वृत्तचित्रों और प्रेरणादायी वीडियो का नियमित प्रसारण किया जाएगा। इससे नागरिकों को शासन की विभिन्न पहलों की विश्वसनीय जानकारी सरल और सहज रूप में उपलब्ध हो सकेगी।सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यम जनसंचार का सबसे प्रभावी साधन बन चुका है। ऐसे में ‘सूचना प्रवाह’ सरकार और जनता के बीच संवाद का मजबूत सेतु साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस मंच के जरिए नागरिकों तक योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आकर्षक एवं सरल स्वरूप में पहुंचाई जाएगी।अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि विभाग आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मंच प्रदेश की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।यह यूट्यूब चैनल सरकार की उपलब्धियों और जनहित से जुड़ी सूचनाओं के प्रसार का सशक्त माध्यम बनकर शासन और आमजन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group