मुजफ्फरनगर। रुड़की रोड स्थित इंडियन हॉस्पिटल में गर्भवती महिला के इलाज के दौरान गर्भ में बच्चे की मौत होने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मामले की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार पुरकाजी क्षेत्र के गांव कैल्लनपुर निवासी अरविंद अपनी 27 वर्षीय गर्भवती पत्नी सोनम को 18 जून को इलाज के लिए इंडियन हॉस्पिटल लेकर आए थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में जांच के दौरान बच्चे की धड़कन कम बताकर महिला को भर्ती कर लिया गया। इसके बाद ऑपरेशन किया गया, लेकिन बच्चा मृत पैदा हुआ।परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद भी महिला की हालत बिगड़ती रही, लेकिन समय पर सही इलाज नहीं मिला। हालत ज्यादा खराब होने पर अस्पताल ने महिला को मेरठ रेफर कर दिया। फिलहाल सोनम मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।घटना की जानकारी मिलने पर अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल के पदाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार के समर्थन में धरने पर बैठ गए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार और डॉ. महक सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल के रिकॉर्ड की जांच की और संबंधित डॉक्टरों से पूछताछ की।डॉ. महक सिंह ने बताया कि संबंधित चिकित्सकों को नोटिस जारी किया गया है। पूरे मामले की जांच के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों का बोर्ड बनाया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।