मुजफ्फरनगर। थाना क्षेत्र के गांव सम्भलहेड़ा के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गांव में मातम छा गया।जानकारी के अनुसार गांव सम्भलहेड़ा निवासी शहजाद (48) शुक्रवार शाम अपने 15 वर्षीय बेटे रिहान के साथ किसी जरूरी काम से जानसठ गए थे। काम पूरा होने के बाद दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। शाम करीब सात बजे जब वे सम्भलहेड़ा गेट के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज गति में आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता-पुत्र कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को जानसठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी बेहतर इलाज के लिए मेरठ भेजा गया। परिजनों ने बताया कि मेरठ ले जाते समय रास्ते में शहजाद ने दम तोड़ दिया।वहीं बेटे रिहान का मेरठ के अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसके सिर में गंभीर चोट आई है और हालत नाजुक बनी हुई है। पिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group