मुजफ्फरनगर। गांव रायपुर अटेरना और मोहम्मदपुर की महिलाओं ने शराब के ठेके के विरोध में बुढ़ाना तहसील पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने आबादी क्षेत्र और मुख्य रास्ते पर चल रहे शराब के ठेके को हटाने की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द कार्रवाई की मांग उठाई।महिलाओं का कहना है कि गांव के मुख्य मार्ग पर शराब का ठेका होने से दिनभर शराब पीने वालों का जमावड़ा लगा रहता है। नशे में धुत लोग सड़क पर शोर-शराबा करते हैं और कई बार झगड़े की स्थिति भी बन जाती है। इससे गांव का माहौल लगातार खराब हो रहा है और लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि शाम के समय हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं। बाजार या काम से लौटने वाली महिलाएं, बहू-बेटियां और स्कूल-ट्यूशन से आने वाले बच्चे रास्ते से गुजरने में डरते हैं। शराबियों की अभद्र हरकतों और फब्तियों के कारण महिलाओं में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।महिलाओं ने कहा कि शराब के ठेके का असर गांव के युवाओं और बच्चों पर भी पड़ रहा है। इससे सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है और परिवारों में चिंता बढ़ती जा रही है। उन्होंने मांग की कि जनहित और महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए ठेके को जल्द आबादी से दूर किया जाए।प्रदर्शन के दौरान ग्राम प्रधान ममता, कुंता देवी, राजवती, सरला, सपना और कोमल समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। सभी ने तहसील प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांग रखी।महिलाओं ने साफ कहा कि यदि जल्द उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे होने वाले किसी भी प्रदर्शन की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group