मुजफ्फरनगर। खतौली नागर कॉलोनी के सामने शनिवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक और स्कूटी की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए।जानकारी के अनुसार सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव धंढेरा निवासी कृष्णा (16) पुत्र धर्मवीर अपने साथी निशू कुमार (18) पुत्र मुनेश के साथ बाइक की सर्विस कराने खतौली आए थे। दोपहर में बाइक की सर्विस पूरी होने के बाद दोनों युवक बाइक से वापस लौट रहे थे। जब वे जानसठ तिराहे से गंग नहर की ओर जा रहे थे और नागर कॉलोनी के सामने पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक स्कूटी से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और स्कूटी दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में कृष्णा और निशू गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं स्कूटी सवार आगम जैन, निवासी नागर कॉलोनी, भी गंभीर रूप से चोटिल हो गया।सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद कृष्णा को मृत घोषित कर दिया। निशू और आगम की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।बाद में मेरठ के मोदीपुरम स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निशू कुमार ने भी दम तोड़ दिया। एक ही गांव के दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।