मेरठ। शहर में देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। दिल्ली हाईवे पर बेकाबू हुई एक इनोवा कार सड़क किनारे खड़े सात पुलिसकर्मियों को टक्कर मारते हुए निकल गई। हादसे में सभी पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।बताया गया कि ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के सुपरटेक पामग्रीन निवासी नमन जोली और अमन जोली देर रात इनोवा और थार गाड़ी से हाईवे पर तेज रफ्तार में जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान इनोवा चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।हादसा रात करीब ढाई बजे टीपीनगर गेट के सामने हनुमान मंदिर के पास हुआ। उस समय ब्रह्मपुरी थाने की पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। पांच पुलिसकर्मी सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान डायल-112 के दो पुलिसकर्मी भी वहां पहुंच गए। सभी आपस में बातचीत कर रहे थे तभी तेज रफ्तार इनोवा ने उन्हें टक्कर मार दी।टक्कर इतनी तेज थी कि कई पुलिसकर्मी दूर जा गिरे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।घायलों में कांस्टेबल लोकेन्द्र पंवार, सतेंद्र कुमार, विक्रम सिंह, कपिल भाटी, राजेश कुमार और हेड कांस्टेबल रविन्द्र मलिक सहित सात पुलिसकर्मी शामिल हैं। हेड कांस्टेबल रविन्द्र मलिक के पैर में गंभीर फ्रैक्चर बताया गया है। दो घायलों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है।हादसे के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनोवा और थार वाहन भी कब्जे में ले लिए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group