मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव शाहजुड्डी में युवक रोहित की हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि रोहित की हत्या पत्नी के साथ अवैध संबंधों के शक और उससे उपजे विवाद के चलते की गई थी। आरोपी को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में पकड़ा गया, जिसके कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन और अवैध हथियार बरामद हुआ।पुलिस के अनुसार 20 जून को मेहर सिंह निवासी ग्राम शाहजुड्डी ने थाना शाहपुर में सूचना दी थी कि उनका पुत्र रोहित रात करीब आठ बजे गांव में पशुओं का उपचार करने वाले राहुल नामक व्यक्ति के बुलाने पर घर से गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर रोहित की तलाश शुरू कर दी।अगले दिन 21 जून को रोहित का शव गांव शाहजुड्डी के जंगल क्षेत्र में बरामद हुआ। शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी। बाद में मृतक के पिता ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव शोरों निवासी राहुल ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके पुत्र की हत्या की है।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दो विशेष टीमों का गठन किया। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या का आरोपी सौरम पुलिया की ओर भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक संदिग्ध व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर उसने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान डॉक्टर राहुल पुत्र हरबीर निवासी ग्राम शोरों, थाना शाहपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से मृतक रोहित का मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा तथा कारतूस बरामद किए। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पूछताछ में आरोपी राहुल ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह आसपास के गांवों में पशुओं का इलाज करता था और इसी दौरान उसका रोहित के घर आना-जाना बढ़ गया। इसी दौरान रोहित की पत्नी से उसकी नजदीकियां बढ़ गईं। जब इस बात की जानकारी रोहित को हुई तो उसने इसका विरोध शुरू कर दिया, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया।आरोपी ने बताया कि इसी रंजिश के चलते उसने योजना बनाकर 20 जून की रात रोहित को ट्यूबवेल पर बुलाया। वहां पहले उसे शराब पिलाई गई और फिर मौका देखकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को ईख के खेत के पास नाली किनारे छिपा दिया गया।पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और आरोपी के अन्य संभावित साथियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।