मुजफ्फरनगर। रुड़की रोड क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्ची की खुले नाले में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। नगर पालिका की लापरवाही से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क पर हंगामा करते हुए जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।जानकारी के अनुसार रुड़की रोड किनारे झुग्गी में रहने वाले मजदूर शिवा की पुत्री प्रियांशी सोमवार सुबह घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान खेलते-खेलते वह झुग्गी के पीछे बह रहे खुले नाले के पास पहुंच गई और अचानक उसमें गिर गई। नाला गहरा होने के कारण बच्ची पानी में डूब गई।कुछ देर तक बच्ची नजर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद नाले में बच्ची का शव मिला। शव बाहर निकालते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।हादसे से गुस्साए स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों का कहना था कि नाला लंबे समय से खुला पड़ा है और कई बार उसे ढकने की मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि समय रहते नाला ढक दिया जाता तो यह हादसा टल सकता था।आक्रोशित लोगों ने रुड़की रोड पर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group