गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में एक 16 वर्षीय किशोर पर अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप है। तिहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल बन गया।पुलिस के अनुसार घटना सोमवार तड़के करीब तीन बजे की बताई जा रही है। उस समय परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। आरोप है कि किशोर अचानक धारदार हथियार लेकर अपने बड़े भाई अमित गुप्ता के कमरे में पहुंचा और सो रहे भाई, भाभी रंजना तथा तीन वर्षीय भतीजे रेयांश पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की प्रत्यक्षदर्शी परिवार की नौ वर्षीय बच्ची बताई जा रही है, जिसे मृतक दंपति ने गोद लिया था। बच्ची के अनुसार उसने अपने चाचा को हमला करते देखा। भयभीत बच्ची चीखते हुए कमरे से बाहर भागी, जिसके बाद घर के अन्य सदस्य जाग गए।मृतक अमित गुप्ता के पिता हरीलाल जब कमरे में पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था और तीनों शव पड़े थे। बताया जा रहा है कि आरोपी किशोर खून से सना हथियार लेकर कमरे से बाहर निकल रहा था। वारदात के बाद वह घर की ऊपरी मंजिल पर जाकर बैठ गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करने की बात सामने आई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार किशोर ने पूछताछ के दौरान कहा कि उसे दो दिनों से खाना नहीं दिया गया था और वह परिवार के व्यवहार से परेशान था। उसने पुलिस से यह भी पूछा कि जेल में उसे खाना मिलेगा या नहीं।जांच में केवल भूख या तत्काल गुस्से की बात ही नहीं, बल्कि लंबे समय से चल रहे पारिवारिक तनाव के संकेत भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार किशोर खुद को परिवार में उपेक्षित महसूस करता था। बताया जा रहा है कि वह आगे पढ़ाई करना चाहता था, लेकिन परिस्थितियों के कारण पढ़ाई जारी नहीं रख सका। पारिवारिक कारोबार और आर्थिक मामलों को लेकर भी तनाव की बातें सामने आ रही हैं।जानकारी के मुताबिक परिवार की गांव में किराना दुकान है। पहले छोटे बेटे की दुकान पर ज्यादा भूमिका थी, लेकिन बाद में बड़ा भाई अमित बाहर से लौटकर गांव में रहने लगा और व्यापार संभालने लगा। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच मनमुटाव तो नहीं बढ़ा।मृतक के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी पुत्र लंबे समय से नाराज रहता था और घर में अक्सर विवाद करता था। कुछ समय पहले भी उसका परिवार के लोगों से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद मामला थाने तक पहुंचा था। हालांकि उस समय समझौता करा दिया गया था।पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी किशोर से गहन पूछताछ जारी है। चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए पूरे मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।