रामपुर। केमरी थाना क्षेत्र में पुलिस और कथित गौकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और गौकशी में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार पीलाखार नदी डैम के पास नियमित जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन दोनों भागने लगे। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस दल पर फायरिंग कर दी।अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया। घायल की पहचान भूरा निवासी भैसोड़ी, थाना मिलक के रूप में हुई है। उसका साथी मुकीम को भी पुलिस ने मौके से पकड़ लिया।पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल आरोपी भूरा पर गौकशी, गैंगस्टर अधिनियम, मादक पदार्थ अधिनियम, शस्त्र अधिनियम तथा हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलासपुर भेजा गया है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना केमरी में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group