मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत के बाद मंगलवार सुबह परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही और बिना सहमति ऑपरेशन करने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।मामला थाना छपार क्षेत्र के रामपुर तिराहा स्थित भारद्वाज अस्पताल का है। परिजनों के अनुसार महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि चिकित्सकों ने परिवार की स्पष्ट सहमति के बिना ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन के दौरान महिला की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।महिला की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन और अन्य लोग अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि जब मरीज की हालत गंभीर हुई तो अस्पताल में मौजूद चिकित्सक और अन्य कर्मी वहां से चले गए।सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेजा। साथ ही अस्पताल परिसर को अस्थायी रूप से बंद कर एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम भेजी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल के पंजीकरण और वहां उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं की भी जांच कराई जा रही है।जांच के लिए डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महक सिंह और डॉ. आकाश त्यागी भी मौके पर पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल के अभिलेखों और उपचार प्रक्रिया की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group