ऋषिकेश। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार तड़के हुए सड़क हादसे में मुनि की रेती थाना क्षेत्र की शिवपुरी पुलिस चौकी प्रभारी दरोगा विनोद शर्मा की मौत हो गई। ड्यूटी से चौकी लौटते समय उनका वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य किया।पुलिस के अनुसार रानीपोखरी निवासी विनोद कुमार शर्मा सोमवार देर रात मुनि की रेती थाने से ड्यूटी पूरी कर शिवपुरी चौकी जा रहे थे। रास्ते में किसी मोड़ पर उनका वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा देर रात होने के कारण काफी समय तक इसकी जानकारी किसी को नहीं मिल सकी।मंगलवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ। राहत एवं बचाव दल को तत्काल मौके पर भेजा गया। टीम ने कठिन परिस्थितियों में खाई में उतरकर वाहन तक पहुंच बनाई और दरोगा विनोद शर्मा को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।विनोद शर्मा का सेवा रिकॉर्ड उल्लेखनीय रहा है। पुलिस विभाग में आने से पहले उन्होंने सेना में भी अपनी सेवाएं दी थीं। विभाग में रहते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। वह ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी के रूप में भी कार्य कर चुके थे।