मुजफ्फरनगर। नवीन मंडी स्थल स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में बिजली के मीटर में खराबी आने से आग लग गई। समय रहते कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों की सहायता से आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाखा में सामान्य रूप से कामकाज चल रहा था और बड़ी संख्या में उपभोक्ता मौजूद थे। इसी दौरान मुख्य विद्युत पटल में अचानक तेज धमाका हुआ। कुछ ही क्षणों में वहां से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, जिससे परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।घटना के समय शाखा कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत अग्निशमन यंत्रों का उपयोग शुरू किया। कर्मचारियों की सूझबूझ से आग को प्रारंभिक अवस्था में ही नियंत्रित कर लिया गया। इससे आग शाखा के मुख्य कक्षों, अभिलेख कक्ष और नकदी काउंटर तक नहीं पहुंच सकी।सूचना मिलने पर स्थानीय व्यापारी नेता संजय मित्तल भी मौके पर पहुंचे और शाखा प्रबंधन से घटना की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों की सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से संभावित नुकसान टल गया।शाखा प्रबंधन के अनुसार आग से कुछ विद्युत उपकरण और तार प्रभावित हुए हैं। हालांकि महत्वपूर्ण अभिलेख, दस्तावेज और तिजोरी में रखी नकदी पूरी तरह सुरक्षित है। विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों को बुलाया गया है।