मुजफ्फरनगर। बैंक से ऋण दिलाने का भरोसा देकर एक मजदूर से पांच लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के सुभाषनगर निवासी इरफान ने बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।इरफान के अनुसार वर्ष 2021 में उसकी पहचान महमूदनगर निवासी फुरकान से हुई थी। फुरकान ने पहले कारोबार के लिए आवश्यक दस्तावेज बनवाने की बात कही और बाद में बैंक से ऋण दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान उसने आधार पत्र, पैन पत्र, मकान का बैनामा तथा अन्य जरूरी दस्तावेज अपने पास ले लिए।पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने उसके बेटे आरिफ के नाम तितावी स्थित बैंक शाखा से 14 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया, लेकिन परिवार को केवल नौ लाख रुपये ही दिए। शेष पांच लाख रुपये स्वयं रख लिए। काफी समय तक उसे वास्तविक ऋण राशि की जानकारी नहीं दी गई।इरफान ने बताया कि बैंक पहुंचने पर उसे पता चला कि ऋण राशि 14 लाख रुपये है। यह जानकारी मिलने के बाद उसने डर के चलते ब्याज सहित नौ लाख रुपये की किस्तें जमा कर दीं। इसके बावजूद अब बैंक की ओर से 14.25 लाख रुपये की वसूली का नोटिस भेजा गया है। इससे परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।पीड़ित का कहना है कि मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई। आरोपी ने रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक पैसे वापस नहीं किए। आरोप है कि रुपये मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा है। इरफान ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उसकी दो बेटियों का विवाह भी प्रभावित हो रहा है और बैंक की नोटिस के चलते मकान नीलामी का खतरा बना हुआ है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत में इरफान ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई तथा हड़पी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैंक से संबंधित अभिलेख मंगवाकर मामले की जांच की जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।