मुजफ्फरनगर। बिजनौर सीमा से सटे रामराज थाने को मंगलवार को नया स्वरूप मिला। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने थानाध्यक्ष कार्यालय के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन किया। इसके साथ ही थाना रामराज को जनपद के आदर्श थानों की श्रेणी में शामिल कर लिया गया।उद्घाटन से पूर्व थाना परिसर में सुंदरकांड पाठ और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अनुष्ठान में शामिल होकर जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्द की कामना की। धार्मिक वातावरण के बीच कार्यक्रम संपन्न हुआ।इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र के ग्राम चौकीदारों से संवाद कर उनकी जिम्मेदारियों, समस्याओं और गांवों की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्राम चौकीदार ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। गांवों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, अवैध कारोबार और अपराध संबंधी सूचनाएं समय रहते पुलिस तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।बेहतर कार्य करने वाले पांच ग्राम चौकीदारों को सम्मानित भी किया गया। उन्हें पगड़ी पहनाकर नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आगामी पंचायत चुनावों के दौरान भी चौकीदारों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देशन में थानों को अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाया जा रहा है, ताकि फरियादी बिना किसी झिझक के अपनी बात पुलिस के सामने रख सके। बेहतर वातावरण से पुलिसकर्मियों का मनोबल भी बढ़ेगा और कार्यक्षमता में सुधार होगा।पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने बताया कि शीघ्र ही सभी चौकीदारों को नए पहचान पत्र, टॉर्च और सीटी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही समय-समय पर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले चौकीदारों को नियमित रूप से सम्मानित किया जाएगा।कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी जानसठ, क्षेत्राधिकारी भोपा, थाना प्रभारी रामराज सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, ग्राम प्रधान और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में थाना परिसर में पौधरोपण भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group