मुजफ्फरनगर, 24 जून 26। राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन की ओर से बुधवार को तुलसी पार्क, शिव चौक पर लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हुए अग्निकांड में जान गंवाने वाले छात्रों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर तथा पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।कार्यक्रम में वक्ताओं ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत पीड़ादायक घटना बताया। संगठन के पदाधिकारी संजय अरोड़ा ने कहा कि इस दुखद घटना ने सभी को व्यथित किया है। उन्होंने कहा कि संगठन दिवंगत छात्रों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा ईश्वर से प्रार्थना करता है कि शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन महिला इकाई की राष्ट्रीय अध्यक्ष सरिता शर्मा अरोड़ा ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई की जाए तथा किसी भी दोषी को बख्शा न जाए।संगठन के राष्ट्रीय सचिव राजीव कुमार बंसल ने कहा कि प्रदेश में संचालित संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।सभा में प्रवीण जैन, अनिल मलिक, गोल्ड गुप्ता, राजेश शर्मा, संजय कुमार एडवोकेट, विकास गुप्ता सहित संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन दो मिनट के मौन और दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना के साथ हुआ।