मुजफ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव दरियापुर में पारिवारिक विवाद से परेशान एक युवक ने घर के भीतर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार दरियापुर निवासी 30 वर्षीय नितिन पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद के चलते मानसिक तनाव में था। बुधवार सुबह परिवार के सदस्य अपने-अपने कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान नितिन अपने कमरे में गया और छत के पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।कुछ देर बाद परिजनों ने कमरे के भीतर नितिन को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद परिवार के लोगों ने तुरंत उसे नीचे उतारा। सांस चलने पर उसे बेहड़ा सादात स्थित एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा रेफर कर दिया।सीएचसी भोपा पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद नितिन को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। मृतक अपने पीछे पत्नी किरण, तीन छोटे बच्चों, वृद्ध माता-पिता और भाई को छोड़ गया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।ककरौली थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला गृह कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।