कराकस। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बुधवार शाम आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। राजधानी कराकस समेत कई राज्यों में कुछ ही सेकेंड के अंतराल पर आए इन झटकों की तीव्रता 7.2 और 7.5 दर्ज की गई। प्रारंभिक आकलन में मृतकों की संख्या 15 हजार के आसपास पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। व्यापक नुकसान को देखते हुए सरकार ने राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है।अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार भूकंप का केंद्र कराकस से करीब 290 किलोमीटर पश्चिम स्थित मोंटालबान क्षेत्र के पास था। विशेषज्ञों का कहना है कि यह वेनेजुएला में पिछले 126 वर्षों के सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक है। झटके इतने तेज थे कि पड़ोसी देश कोलंबिया तक महसूस किए गए।राजधानी कराकस सहित कई शहरों में बहुमंजिला इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है। अनेक भवन धराशायी हो गए, जबकि सैकड़ों मकानों में गहरी दरारें पड़ गईं। कराकस के निकट स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की छत का हिस्सा गिरने के बाद उसे एहतियातन बंद कर दिया गया है।प्रशासन के अनुसार राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। सेना, आपदा राहत दल और चिकित्सा कर्मियों को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए तेज गति से अभियान चलाया जा रहा है। कई स्थानों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।सरकार ने नागरिकों से क्षतिग्रस्त इमारतों में वापस न जाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मुख्य भूकंप के बाद लगातार झटके महसूस किए जा रहे हैं, जिससे कमजोर इमारतों के गिरने का खतरा बना हुआ है।कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से तुरंत अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार में सहयोग करने की अपील की। सरकार ने बताया कि कई देशों ने राहत सहायता देने की पेशकश की है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group