शामली। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैराना कोतवाली पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 211 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 42 लाख रुपये है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।सहारनपुर परिक्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ‘ऑपरेशन सवेरा’ के अंतर्गत शामली पुलिस लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए है और तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर जनपदभर में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में दभेड़ी खुर्द चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव चौहान पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान पुलिस को एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिस पर उसे रोककर तलाशी ली गई।तलाशी में आरोपी के पास से 211 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपना नाम शौकीन निवासी ग्राम भूरा बताया। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया और बरामद स्मैक को कब्जे में ले लिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।कैराना कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।