मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह रेत से लदे एक ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हादसा सैदपुर-अमीरनगर अंडरपास के पास हुआ। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।जानकारी के अनुसार सैदपुर गांव निवासी 60 वर्षीय सोना पत्नी दलबीर सुबह करीब आठ बजे पशुओं के लिए चारा लेने खेत जा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही वह अंडरपास के पास पहुंचीं, तभी तेज गति से आ रहे रेत से भरे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिर गई और ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद महिला के शव को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला। घटना से नाराज लोगों ने मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी और सड़क पर धरना देकर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।ग्रामीणों का कहना था कि इस मार्ग पर लंबे समय से ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहन गुजर रहे हैं। कई बार शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप था कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।इसी बीच भागने की कोशिश कर रहे ट्रक चालक को लोगों ने पकड़ लिया। आक्रोशित भीड़ ने चालक के साथ मारपीट कर दी। सूचना मिलते ही फुगाना क्षेत्राधिकारी विश्वजीत सिंह तथा तितावी थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हस्तक्षेप कर चालक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया।पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खुलवाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद परीक्षण के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group