मेरठ। लोहिया नगर थाना क्षेत्र स्थित जाकिर कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के दौरान चली गोली से एक महिला की मौत हो गई। घटना मक्का मस्जिद के पास हुई, जहां भाई-बहन के बीच कहासुनी अचानक हिंसक रूप ले बैठी। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बताया गया है कि किसी बात को लेकर भाई और बहन के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गोली चल गई, जो महिला को जा लगी। गोली लगने के बाद परिवार के सदस्य और आसपास के लोग उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।जानकारी के अनुसार परिवार में चार भाई और एक बहन हैं। करीब दस वर्ष पूर्व परिवार के मुखिया का निधन हो चुका है। पुलिस अब पारिवारिक परिस्थितियों और विवाद की पृष्ठभूमि को समझने का प्रयास कर रही है। घटना के पीछे वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं।सूचना मिलते ही लोहिया नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।