मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा दधेड़ू खुर्द गांव के निकट सड़क वाली मस्जिद के पास हुआ, जहां सामने से आ रही एक पिकअप वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 21 वर्षीय नासिर पुत्र नसीम निवासी ग्राम दधेड़ू खुर्द के रूप में हुई है। नासिर अपनी मोटरसाइकिल से मुजफ्फरनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव से कुछ दूरी पहले विपरीत दिशा से आ रहे पिकअप वाहन से उसकी टक्कर हो गई।टक्कर इतनी तेज थी कि नासिर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी।घटना की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। युवक की मृत्यु की खबर से परिवार गहरे सदमे में है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात नियमों के सख्त पालन की मांग की है।चरथावल थाना पुलिस का कहना है कि हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। संबंधित वाहन और चालक की पहचान कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।