मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, पहचान सत्यापन, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम, स्ट्रॉन्ग रूम तथा परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की गहन जांच की। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों को शासन और परीक्षा नियामक प्राधिकारी के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों की निर्धारित मानकों के अनुसार सघन जांच और पहचान सत्यापन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर अनुशासित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा परीक्षार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मोबाइल पुलिस टीमें लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखेंगी। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा की शुचिता भंग करने, अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।