मुजफ्फरनगर। वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नई मंडी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के तीन वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि थाना नई मंडी पुलिस ने कुकड़ा गांव मार्ग स्थित एक ट्यूबवेल के पास से दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान हर्ष पुत्र रामबुल निवासी अलमासपुर तथा विक्की उर्फ पिंकी पुत्र काला निवासी अर्जुन नगर के रूप में हुई।तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें और एक स्कूटी बरामद की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय थे और सुनसान स्थानों से वाहन चोरी कर उन्हें ठिकाने लगाने का प्रयास करते थे।पुलिस के अनुसार बरामद वाहनों के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि वाहन किन क्षेत्रों से चोरी किए गए थे और क्या उनका संबंध पहले से दर्ज चोरी के मुकदमों से है। साथ ही चोरी की अन्य घटनाओं में भी आरोपियों की भूमिका खंगाली जा रही है।सीओ राजू कुमार साव ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन चोरी के इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में वाहन चोरी रोकने के लिए चेकिंग और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा।