शामली। बाबरी थाना पुलिस ने शराब ठेके के सेल्समैन से लूट की घटना का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 53 हजार रुपये की नकदी, एक अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल तथा अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य कारण रही।पुलिस के मुताबिक दो जुलाई की रात शराब ठेके पर कार्यरत सेल्समैन आकाश दुकान बंद कर घर लौट रहा था। इसी दौरान बाबरी थाना क्षेत्र के हथछोया मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर बाबरी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान मिले सुरागों के बाद पुलिस ने आम के बाग क्षेत्र में घेराबंदी कर पांच आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुर, सागर, सावेज, शाकिब और मोनू के रूप में हुई है।तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 53 हजार रुपये नकद, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक चाकू, वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल, लूटा गया बैग, हिसाब-किताब की कॉपी और आधार कार्ड की छायाप्रति बरामद की।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ समय पूर्व शराब के ठेके पर अंकुर और सेल्समैन आकाश के बीच शराब को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते अंकुर ने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और घटना को अंजाम दिया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group