बुलंदशहर। नरसेना थाना क्षेत्र के एक गांव में नवजात शिशु को दफनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डीएनए जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस के अनुसार, चार जुलाई की सुबह ग्रामीणों ने गांव के समीप जंगल क्षेत्र में सूअरों को जमीन खोदते देखा। पास जाकर देखने पर एक बोरी में दबे नवजात शिशु का शव आंशिक रूप से बाहर निकला मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा क्षेत्र का निरीक्षण किया।मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने संबंधित स्थान पर खुदाई कराई, जहां बोरी में बंद नवजात का शव बरामद हुआ। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना एक जुलाई की देर रात की हो सकती है। आरोप है कि लोकलाज के डर से एक विधवा महिला ने नवजात को घर से कुछ दूरी पर जंगल में दफना दिया। हालांकि महिला का कहना है कि शिशु मृत अवस्था में पैदा हुआ था, जिसके बाद उसने उसे दफनाया।मामले में महिला की जेठानी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नवजात जीवित था और उसे जानबूझकर मिट्टी में दबाया गया। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।जांच में यह भी पता चला है कि 32 वर्षीय महिला के पति की आठ वर्ष पूर्व बीमारी से मृत्यु हो चुकी थी। ग्रामीणों के अनुसार प्रसव के समय गांव में एक दाई के आने-जाने की जानकारी भी सामने आई है, जिसे जांच का हिस्सा बनाया गया है।एसपी सिटी अभिषेक प्रताप ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डीएनए परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group