शामली। सदर कोतवाली क्षेत्र में कैराना रोड स्थित पूर्वी यमुना नहर के समीप रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हलचल रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।पुलिस के अनुसार, कैराना रोड पर एसपी आवास से कुछ दूरी पर पूर्वी यमुना नहर पुल के पास ग्राम खेड़ी करमू के जंगल में करीब 40 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना राहगीरों ने दी थी। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।मृतक ने काले रंग की पैंट पहन रखी थी। घटनास्थल से एक चेकदार शर्ट और एक जोड़ी चप्पल भी बरामद हुई है। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचना प्रेषित की है, ताकि लापता व्यक्तियों के विवरण से मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना देकर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला अत्यधिक शराब सेवन के कारण हुई मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक की पहचान के संबंध में जानकारी रखता हो तो तत्काल सदर कोतवाली पुलिस को सूचित करे, जिससे मृतक की शिनाख्त कर वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group