मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना पुलिस ने धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पांच महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन धार्मिक पुस्तकें, छह मोबाइल फोन तथा तीन डायरियां बरामद की हैं। आरोपियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार मंसूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जड़ौदा निवासी रवि चौधरी ने शिकायत दी थी कि गांव के जंगल में बने एक मकान में लोगों को बीमारी ठीक करने, निःशुल्क मकान बनवाने, विवाह के लिए आर्थिक सहायता दिलाने तथा अन्य प्रकार के प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय चौधरी और प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार त्यागी के नेतृत्व में मंसूरपुर पुलिस एवं मिशन शक्ति दल की तीन संयुक्त टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने रविवार देर रात जड़ौदा के जंगल में बने एक मकान पर छापेमारी कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में संजीव, संगीता, पूजा, मोनू, आसु, चांदनी, सरिता, अमरीश, कार्तिक, कनक, शीशपाल और प्रवीण शामिल हैं। सभी आरोपी मुजफ्फरनगर जनपद के विभिन्न गांवों के निवासी बताए गए हैं।छापेमारी के दौरान तीन धार्मिक पुस्तकें, छह मोबाइल फोन और तीन डायरियां बरामद की गईं। पुलिस इन डायरियों और मोबाइल फोनों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गतिविधि से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे तथा इसका दायरा कितना व्यापक था।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बरामद सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी गहन जांच कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group