मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र के बरला फ्लाईओवर के निकट मंगलवार को हुए सड़क हादसे में 21 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। युवक अपनी पत्नी को रुड़की से लाने के लिए मोटरसाइकिल से जा रहा था। रास्ते में उसकी बाइक सेटरिंग के सामान से भरे एक रहड़े से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रामपुरी निवासी सुहेल पुत्र मास्टर दिलशाद के रूप में हुई है। बताया गया कि वह सुबह अपनी पत्नी को लेने के लिए रुड़की जा रहा था। बरला फ्लाईओवर के पास सामने चल रहे सेटरिंग सामग्री से लदे रहड़े से उसकी मोटरसाइकिल टकरा गई। टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। राहगीरों की मदद से सुहेल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी।परिजनों ने बताया कि सुहेल का विवाह लगभग दो माह पहले ही हुआ था। वह अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए सैलून की दुकान संचालित करता था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है। घर में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने बताया कि हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की गई है। वहीं, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।