मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के टांडा माजरा गांव में एक शादी उस समय रुक गई, जब दूल्हे के कथित नशे में अनुचित व्यवहार करने पर दुल्हन ने विवाह करने से साफ इनकार कर दिया। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत और समझौते के प्रयास चलते रहे, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। अंततः बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, डूंगर गांव से बारात टांडा माजरा पहुंची थी। आरोप है कि बारात आने के बाद दूल्हे ने अपने कुछ साथियों के साथ शराब का सेवन किया। इसके बाद उसने कथित रूप से अनुचित व्यवहार किया, जिससे शादी समारोह का माहौल बिगड़ गया। दूल्हे की हरकतों पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।दुल्हन करिश्मा ने मंडप में ही विवाह करने से इनकार कर दिया। परिजनों के अनुसार, दुल्हन का कहना था कि वह शराब के नशे में रहने वाले व्यक्ति के साथ अपना वैवाहिक जीवन शुरू नहीं करना चाहती। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।दुल्हन पक्ष ने आरोप लगाया कि दूल्हा पक्ष की ओर से दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। दुल्हन के पिता श्रद्धामल ने यह भी आरोप लगाया कि विवाद के दौरान कुछ बारातियों ने फायरिंग की। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और अभी उनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।घटना की सूचना पर बुढ़ाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने दूल्हे का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया। सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायतें प्राप्त हुई हैं। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।