मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र में दुकान बंद कर घर लौट रहे एक युवक के साथ चार बाइक सवार बदमाशों द्वारा मारपीट और लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने पहले उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मारकर उसे गिराया, फिर मारपीट कर नकदी लूट ली। बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य युवकों से भी मारपीट कर उनकी जेब में रखी नकदी छीन ली गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।बेगराजपुर निवासी मुस्तफा पुत्र रहीस ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पांच जुलाई की शाम वह अपनी दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। अंडरपास बाग के निकट पीछे से आए दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। गिरने के बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जेब में रखे 3,500 रुपये निकाल लिए।पीड़ित के अनुसार, शोर सुनकर समीर पुत्र दिलशाद और आरिफ पुत्र शौकीन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि बदमाशों ने दोनों के साथ भी मारपीट की। समीर से 15 हजार रुपये तथा आरिफ से 1,200 रुपये छीन लिए गए। घटना के दौरान आसपास के लोग मौके की ओर बढ़े तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मोटरसाइकिलों से फरार हो गए।घटना की सूचना तत्काल पुलिस आपात सेवा 112 पर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों से घटना की जानकारी ली। मंसूरपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चार आरोपियों के विरुद्ध लूट, मारपीट और धमकी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।