मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़ी एक पेपर फैक्ट्री को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना का पता उस समय चला जब फैक्ट्री स्वामी परिसर खोलने पहुंचे। सूचना पर पुलिस ने मौके की जानकारी लेने के बाद अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।चरथावल रोड स्थित त्यागी पेपर वर्क्स के स्वामी विकास कुमार त्यागी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी फैक्ट्री काफी समय से बंद थी। जब वह फैक्ट्री पहुंचे और अंदर का निरीक्षण किया तो वहां रखा कई प्रकार का कीमती सामान गायब मिला। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।शिकायत के अनुसार चोर फैक्ट्री से चार डीसी मोटर, सात सीलिंग पंखे, लगभग 200 मीटर विद्युत तार, सात स्विच मॉड्यूल बोर्ड, पेपर गोंद लगाने वाली मशीन के पीतल के पुर्जे तथा फैक्ट्री में रखा तांबा और पीतल का अन्य सामान अपने साथ ले गए। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई गई है।बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मोहित कुमार को सौंपी गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के खुलासे के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही अन्य तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई जा रही सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि जांच के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा कर संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group