जौनपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन संगठन की टीम ने मड़ियाहूं कोतवाली में तैनात एक उपनिरीक्षक को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई मड़ियाहूं कस्बे के बेलवा रोड स्थित एक चाय की दुकान पर की गई। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।जानकारी के अनुसार ककराही गांव निवासी एक व्यक्ति ने एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की थी कि मड़ियाहूं कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक एक मारपीट के मुकदमे की विवेचना के दौरान अन्य आरोपियों के नाम शामिल करने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद टीम ने आरोपों का सत्यापन कराया, जिसमें शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई।इसके बाद एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। शिकायतकर्ता को निर्धारित राशि देकर आरोपी उपनिरीक्षक के पास भेजा गया। जैसे ही उपनिरीक्षक ने चाय की दुकान पर रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से सादे वस्त्रों में मौजूद टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।टीम ने मौके पर आवश्यक रासायनिक परीक्षण भी कराया, जिसमें रिश्वत लेने की पुष्टि होने के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद उसे आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर संबंधित थाने ले जाया गया, जहां उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गिरफ्तार उपनिरीक्षक मूल रूप से बलिया जनपद के निवासी हैं और पदोन्नति के बाद उपनिरीक्षक के रूप में सेवा दे रहे थे। एंटी करप्शन संगठन के अधिकारियों ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच और विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group