मुजफ्फरनगर। जनपद में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने अधिकारियों के साथ सोलानी नदी का स्थलीय निरीक्षण कर जल प्रवाह और जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नदी में जमा जलकुंभी हटाने और सफाई अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए।अपर जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों से नदी के जल प्रवाह में बाधा बनने वाले स्थलों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नदी में फैली जलकुंभी और अन्य अवरोधों को तत्काल हटाया जाए, ताकि वर्षा के दौरान पानी का बहाव प्रभावित न हो। साथ ही नालों और जलनिकासी मार्गों की नियमित सफाई कराई जाए, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों और राहत व्यवस्थाओं को तैयार रखने को भी कहा गया। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से नदी, नालों और जलभराव वाले स्थानों के समीप न जाएं तथा बच्चों को भी ऐसे क्षेत्रों से दूर रखें। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, जलभराव या अन्य समस्या की सूचना तत्काल जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 9412210080 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील भी की है। अधिकारियों का कहना है कि बारिश के दौरान सभी संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्थिति में जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।