मुजफ्फरनगर। जनपद में पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार, 12 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण महाअभियान आयोजित किया जाएगा। सामाजिक वानिकी प्रभाग की ओर से संचालित इस अभियान के तहत पूरे जिले में करीब 35 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।अभियान का मुख्य कार्यक्रम बेगराजपुर औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित होगा, जहां प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रहेगी।अभियान में विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और पर्यावरण संरक्षण तथा वृक्षों के महत्व का संदेश देंगे। इसके अलावा ऊपरी गंगा नहर मार्ग पर लगभग 49 हेक्टेयर क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर पौधरोपण कराया जाएगा।सामाजिक वानिकी विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य जनपद में हरित आवरण बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को मजबूती देना तथा आमजन को वृक्षारोपण और वृक्षों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।इससे पहले शनिवार को सहारनपुर मंडलायुक्त रूपेश कुमार ने जनपद में वृक्षारोपण समिति की बैठक लेकर 12 जुलाई को होने वाले वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group