मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत रविवार को जनपद भर में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, गांवों, कस्बों, बाजारों तथा सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में जानकारी दी।अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्हें आपातकालीन सहायता के लिए डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वूमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस सेवा-108 तथा वन स्टॉप सेंटर सहित अन्य सेवाओं की उपयोगिता बताई गई। इसके साथ ही जनसुनवाई पोर्टल और स्थानीय थानों में संचालित मिशन शक्ति केंद्रों की जानकारी भी साझा की गई।पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित करते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा अथवा अन्य अपराध की स्थिति में बिना संकोच संबंधित हेल्पलाइन या नजदीकी थाने से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।अभियान के दौरान महिलाओं के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। इनमें निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, आयुष्मान योजना और महिला शक्ति केंद्र योजना प्रमुख रहीं। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने महिलाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने और अन्य पात्र महिलाओं को भी इनके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के साथ उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मविश्वासी बनाना है। उन्होंने कहा कि जनपद में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके और वे बिना किसी भय के सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।