मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव कुल्हेड़ी निवासी एक युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। खुद को एसबीआई केयर सेंटर का कर्मचारी बताने वाले साइबर ठगों ने हेल्थ इंश्योरेंस हटाने का झांसा देकर युवक के बैंक खाते से 1,19,999 रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी गई तहरीर में गांव कुल्हेड़ी निवासी राहत अली पुत्र सुलेमान ने बताया कि सात जून को उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को एसबीआई केयर सेंटर का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड पर 1,999 रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस सक्रिय है। इसे हटाने के लिए उसने पीड़ित को फोन पर ही प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा।कुछ देर बाद दूसरे नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। बातचीत के दौरान साइबर ठगों ने बैंकिंग प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर राहत अली को अपने झांसे में ले लिया। इसके बाद उसके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से 45 हजार, 50 हजार, 4,999 रुपये तथा दो बार 10-10 हजार रुपये निकाल लिए। इस प्रकार कुल 1,19,999 रुपये की धोखाधड़ी की गई।राशि कटने का संदेश मिलने पर पीड़ित को ठगी का पता चला। उसने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 और थाना की साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई। समय पर शिकायत किए जाने के कारण साइबर प्रणाली के माध्यम से 99,938.03 रुपये होल्ड करा दिए गए हैं। संबंधित धनराशि वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।चरथावल थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस कॉल डिटेल, बैंक खातों के लेनदेन और प्रयुक्त मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group