मुजफ्फरनगर, 13 जुलाई 26। मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर कंडारकर ने सोमवार को शाहपुर विकासखंड के कुकड़ा ग्राम स्थित पंचायत सचिवालय और बघरा विकासखंड के तावली कम्पोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। पंचायत सचिवालय भवन जर्जर मिलने पर उसके तकनीकी परीक्षण के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर नए भवन का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। वहीं तावली विद्यालय में स्वच्छता, मध्यान्ह भोजन और स्मार्ट कक्षा संचालन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा।शाहपुर क्षेत्र के कुकड़ा पंचायत सचिवालय के निरीक्षण में वर्ष 1966 में निर्मित भवन अत्यधिक जर्जर और जीर्ण-शीर्ण अवस्था में मिला। भवन की स्थिति खराब होने के कारण पंचायत सचिवालय से नियमित कार्य संचालन भी नहीं हो रहा था। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी शाहपुर और सहायक खंड विकास अधिकारी (पंचायत) को भवन का सक्षम प्राधिकारी से तकनीकी परीक्षण कराने तथा नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी कर जिला पंचायत राज अधिकारी के माध्यम से नए पंचायत सचिवालय के निर्माण का प्रस्ताव तत्काल शासन को भेजने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से फोन पर वार्ता कर संबंधित अभियंता को मौके पर भेजने को कहा, ताकि भवन का तकनीकी निरीक्षण शीघ्र कराया जा सके। साथ ही जिला पंचायत राज अधिकारी को सभी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर निर्माण प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने के निर्देश दिए।इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने बघरा विकासखंड के तावली स्थित कम्पोजिट विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में चल रहे शिक्षण कार्य, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, स्मार्ट कक्षा और विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी शैक्षणिक प्रगति की भी जानकारी लीनिरीक्षण के दौरान विद्यालय में स्वच्छता, अभिलेखों के रखरखाव, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था और स्मार्ट कक्षा संचालन में कुछ कमियां मिलीं। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कर समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।