मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी से 14 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। शनिवार को ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकला छात्र देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगने पर भोपा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने छात्र की तलाश शुरू कर दी है।भोकरहेड़ी के मोहल्ला लक्कूपुरा दक्षिण निवासी अहसान पुत्र बिजारत अली ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र अयान कक्षा आठ का छात्र है। वह शनिवार सुबह करीब 11 बजे रोजाना की तरह ट्यूशन जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं आया। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की।परिजनों ने सबसे पहले ट्यूशन शिक्षक से संपर्क किया तो पता चला कि अयान उस दिन पढ़ने पहुंचा ही नहीं था। इसके बाद रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के संभावित स्थानों पर उसकी खोजबीन की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परिजनों के अनुसार छात्र का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।पुलिस को दिए गए हुलिये के अनुसार अयान की उम्र करीब 14 वर्ष, कद लगभग पांच फीट, रंग गेहुआं तथा चेहरा गोल है। घटना के समय उसने सफेद टी-शर्ट, ग्रे रंग का लोअर और हवाई चप्पल पहन रखी थी। उसके पास सफेद रंग का ट्यूशन बैग भी था।भोपा थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश तेज कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है। साथ ही संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मोबाइल की अंतिम लोकेशन भी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group