मुजफ्फरनगर। शिव चौक पर कांवड़ यात्रा के दौरान हुए विवाद के बाद चर्चा में आए गाजियाबाद निवासी मोहित चौधरी ने अपनी कांवड़ यात्रा बीच रास्ते में समाप्त करने की घोषणा की है। सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से माफी मांगते हुए कहा कि उनके बारे में फैलाई गई गलत जानकारियों से वह मानसिक रूप से आहत हैं।मोहित चौधरी ने बताया कि वह हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकले थे और शिव चौक पहुंचने के बाद हुए घटनाक्रम के कारण लगातार चर्चा में रहे। उनका कहना है कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके बारे में भ्रामक बातें प्रसारित की गईं, जिससे उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची।वीडियो में उन्होंने कहा कि इसी कारण उन्होंने बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज के पास अपनी यात्रा समाप्त करने का निर्णय लिया है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से क्षमा मांगते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।गौरतलब है कि शिव चौक पर पुलिस ने सुरक्षा कारणों से डीजे वाहन पर सवार कांवड़ियों को नीचे उतरने के लिए कहा था। इसी दौरान कुछ कांवड़ियों और पुलिस के बीच विवाद हो गया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें मोहित चौधरी कथित रूप से शहर कोतवाल को धमकी देते दिखाई दिए थे।इस घटनाक्रम के दौरान कुछ पत्रकारों के साथ अभद्रता और मारपीट के आरोप भी सामने आए। इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी गई है और मामले की जांच जारी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। वायरल वीडियो, उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मोहित चौधरी के नए वीडियो के सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।