मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और एक बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में गैंगस्टर तालिब पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार एनएच-58 स्थित बागोवाली चौकी के सामने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मेरठ की ओर से आ रहे स्कूटी सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वह स्कूटी मोड़कर कच्चे रास्ते की ओर भाग निकला।कुछ दूरी पर स्कूटी फिसलने के बाद आरोपी वाहन छोड़कर पास के ईख के खेत में घुस गया। पुलिस का आरोप है कि उसने वहां से अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पहले उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान भोपा थाना क्षेत्र के गांव ककराला निवासी तालिब पुत्र महबूब के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा चोरी की स्कूटी बरामद की गई।पुलिस अधिकारियों के अनुसार तालिब के विरुद्ध मुजफ्फरनगर के अलावा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में लूट, डकैती, चोरी, जानलेवा हमला, गैंगस्टर अधिनियम और शस्त्र अधिनियम समेत डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास की भी विस्तृत जांच की जा रही है।नई मंडी थाने में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group