मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे में स्वास्थ्य विभाग ने बिना आवश्यक अभिलेखों और चिकित्सकों के संचालित पाए गए अफीफा हॉस्पिटल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) को सील कर दिया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान अस्पताल का संचालन भी बंद करा दिया गया तथा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार और डॉ. महक सिंह ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल में कोई पंजीकृत एमबीबीएस अथवा बीएएमएस चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। निरीक्षण टीम को अस्पताल के वैध पंजीकरण और अन्य आवश्यक अभिलेख भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके। मौके पर केवल अस्पताल की संचालिका उपस्थित मिलीं।निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं की जानकारी तत्काल बुढ़ाना के उप जिलाधिकारी को दी गई। इसके बाद तहसील प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में संयुक्त अभियान चलाकर अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर और एनआईसीयू को सील कर दिया गया। अधिकारियों ने अस्पताल का संचालन बंद कराते हुए संबंधित प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि बिना वैध पंजीकरण, निर्धारित मानकों और योग्य चिकित्सकों के किसी भी अस्पताल या स्वास्थ्य संस्थान का संचालन नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने बताया कि जनपद में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, ताकि आमजन को सुरक्षित, मानक आधारित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।