मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन में चल रही उत्तर प्रदेश होमगार्ड सीधी भर्ती-2025 की अभिलेख सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षण प्रक्रिया का बुधवार को भर्ती बोर्ड के नोडल अधिकारी एवं पुलिस महानिरीक्षक (सेवानिवृत्त) आर.के. चतुर्वेदी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया का जायजा लेते हुए इसे पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शासन की निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण की व्यवस्था को विस्तार से परखा। भर्ती कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली तथा स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही, पक्षपात या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी अभ्यर्थियों के साथ समान व्यवहार करते हुए निर्धारित नियमों के अनुसार ही भर्ती की जाए।आईजी आर.के. चतुर्वेदी और एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने भर्ती केंद्र पर अभ्यर्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल, चिकित्सा सुविधा, प्रतीक्षालय, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा नहीं होनी चाहिए।अधिकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप भर्ती प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जा रहा है। चयन के प्रत्येक चरण की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि योग्य अभ्यर्थियों का चयन बिना किसी भेदभाव के सुनिश्चित हो सके।पुलिस प्रशासन के अनुसार जनपद में होमगार्ड सीधी भर्ती-2025 के तहत अभिलेख सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया पर वरिष्ठ अधिकारियों की नियमित निगरानी रखी जा रही है, जिससे भर्ती शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।